cover

14 लाख की डकैती : दिक्कत सिर्फ सौहार्द-भाईचारे से है !

 

देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में राज्य स्थापना दिवस के दो दिन पहले यानि 7 नवंबर 2026 को हुआ 14 लाख रूपए की डकैती का मामला बेहद संगीन है. 





यह जो 14 लाख रूपए की डकैती हुई, इसे आम तौर पर लूट लिखा जा रहा है. लेकिन 8 नवंबर को पटेल नगर कोतवाली में वादी राजेश कुमार सोनी द्वारा सिद्धांत बडोनी, कार्तिक भाटिया, दीपक सिंह एवं चार-पांच अन्य के खिलाफ दर्ज एफआईआर में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने जो धारा लगाई है, वो है बीएनएस की धरा 310(2). यह धारा डकैती की धारा है, इसमें दस साल तक की सजा का प्रावधान है और यह गैरजमानती है. गैरजमानती का आशय है कि मामले में जमानत सिर्फ न्यायालय में ही हो सकती है. इसके अलावा इस मामले में बीएनएस 115(2) और 3(5) की धारा भी पुलिस ने लगाई. 



यह मामला इसलिए बेहद गंभीर है क्यूंकि जिन से 14 लाख रुपए की डकैती की गयी, वे डकैती करने वालों के परिचित थे. 14 लाख रूपए छीन कर ले जाने वाले इस परिचय की वजह से ही जानते थे कि उक्त व्यक्ति जमीन का सौदा करने के लिए इतनी बड़ी धनराशि लेकर जा रहा है. अगर ये आरोप सच हैं तो सोचिये ये किस अपराधी प्रवृत्ति और कुत्सित मानसकिता के लोग हैं, जिन्हें 14 लाख रूपए की रकम के लिए अपने ही परिचित व्यक्ति को लूटने में ज़रा भी हिचक नहीं हुई ! 





इस मामले को पुलिस ने जिस तरह प्रस्तुत किया और इसमें कुछ तथ्यों को छुपाने की कोशिश की वो भी गंभीर सवाल पैदा करता है. एफआईआर लिखे जाने के अगले दिन यानि 9 नवंबर को पुलिस ने समाचार माध्यमों में उक्त मामले के 24 घंटे में खुलासे का दावा किया. वास्तविकता यह थी कि 9 नवंबर को पुलिस ने 6-7 आरोपियों में से केवल 3- सरवजीत सिंह उर्फ़ हैपी,जसमीत सिंह, शक्ति सिंह- को गिरफ्तार किया था और 14 लाख रूपए की रकम में से भी पुलिस केवल 1 लाख 50 हज़ार रूपए ही बरामद कर पाई थी यानि 12 लाख 50 हज़ार रूपए तब तक बरामद नहीं हुए थे, जब पुलिस ने मामले का खुलासा करने का दावा किया और एफआईआर में नामजद आरोपियों- सिद्धांत बडोनी, कार्तिक भाटिया, दीपक सिंह- में से किसी को भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई थी. अब तक पुलिस पांच लोगों को इस डकैती के मामले में गिरफ्तार कर चुकी हैं, लेकिन नामजद तीनों आरोपी, इन पंक्तियों के लिखे जाने तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. 


इन पंक्तियों के लिखे जाने तक कुल बरामद धनराशि 2 लाख 20 हज़ार रूपए भी है, अभी भी लूटी रकम का बड़ा हिस्सा बरामद किया जाना बाकी है ! 


अचरज की बात यह भी है कि 14 लाख रूपए की इस डकैती के मामले में पुलिस मुख्य आरोपी सिद्धांत बडोनी का नाम तक लेने से बच रही है. सिद्धांत बडोनी बजरंग दल से जुड़े हुए हैं और आये दिन बजरंग दल के नाम पर जो भी कुछ- उन्माद-उत्पात- किया जाता है, उसमें नज़र आते हैं. पुलिस द्वारा 14 लाख रूपए की डकैती के मामले में- जो भी ब्यौरा सार्वजनिक किया गया, उसे देख कर लगता है कि पुलिस इस बात का लगातार ख्याल रख रही है कि सिद्धांत बडोनी के नाम पर चर्चा न हो ! इस मामले के “खुलासे” के बारे में मीडिया में पटेलनगर के क्षेत्राधिकारी अंकित कंडारी ने बयान दिया.उन के वीडियो बयान में घटना का ब्यौरा देते हुए, कहीं भी नामजद आरोपियों के नाम का उल्लेख नहीं है ! यह पूछे जाने पर कि क्या इस मामले में आरोपी बजरंग दल से जुड़े हैं, पुलिस उपाधीक्षक अंकित कंडारी ने गोलमोल ही जवाब दिया. अब तक तमाम सांप्रदायिक उन्माद-उत्पात की घटनाओं में पुलिस इन स्वयंभू धर्मरक्षकों का नाम एफआईआर में लिखने से बचती रही है और इन सब के ज्ञात होते हुए भी पुलिस एफआईआर “ अज्ञात” के विरुद्ध ही करती रही है ! यहां डकैती के मामले में इन स्वयंभू धर्मरक्षकों में से एक- सिद्धांत बडोनी- नामजदों की सूची में पहले नंबर पर है, लेकिन पुलिस अफसर तब भी मुख्य आरोपी का नाम लेने से बच रहे हैं ! इन पंक्तियों के लिखे जाने तक, जिनका पुलिस नाम लेने से भी बच रही है, वे पुलिस की गिरफ्त से भी दूर हैं ! यह सॉफ्ट कॉर्नर देहरादून पुलिस के अपने दिल की उपज है या सत्ता में भाजपा है, इसलिए 14 लाख रूपए की डकैती के मुख्य आरोपी के प्रति इतनी नरमी बरती जा रही है ? 


पुलिस तो 14 लाख रूपए की डकैती में नामजद की सूची में पहले नंबर पर लिखे नाम पर बड़ी नरमी बरत रही है, लेकिन नामजद आरोपी के उन्माद-उत्पात के संगी-साथी बढ़-चढ़ कर अपने सखा के पक्ष में बयान दे रहे हैं और उसे धर्मरक्षा का महायोद्धा बता रहे हैं ! स्वयं ही धर्म के ठेकेदार बन बैठे स्वयंभूओ सुनो,अगर तुम्हारा सखा सिद्धांत बडोनी बड़ा भारी धर्मरक्षक है तो जिसके 14 लाख रूपए लूट कर फरार होने का आरोप उस पर है, उनके नाम- राजेश कुमार सोनी और दिनेश तिवारी हैं ! जिस धर्म की रक्षा का ठेका तुमने अपने आप ले लिया, उसी धर्म के व्यक्ति के पास 14 लाख रूपए होने की जानकारी मिली तो उसे ही लूट लिया ! वाह रे स्वयंभू धर्मरक्षकों- चोरी और सीनाजोरी- वाली कहावत तो सुनी थी पर डकैती और सीनाजोरी तो तुम ही दिखा रहे हो ! नामजद आरोपी के पक्ष में कह रहे हैं कि अभी आरोप थोड़ी सिद्ध हो गया है. सही बात है, लेकिन आपका साथी फरार क्यों है ? और जिन दूसरे धर्म के कमजोर लोगों के खिलाफ तुम रात-दिन जहर उगलते हो, उनके खिलाफ तो कई बार कोई शिकायत, कोई एफआईआर भी नहीं होती, लेकिन वहां तो पुलिस, जज, अदालत, सब कुछ तुम खुद ही बन जाते हो, वहां ये शिकायत, जांच, चार्जशीट वाली प्रक्रिया का वास्ता कहाँ चला जाता है ?  


बीती रात पुलिस ने इस मामले में जिन दो और लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें से एक का नाम है- कर्ण यादव और एक का नाम है-सोहेल अख्तर ! वाह रे धर्म के स्वयंभू ठेकेदारों, रात-दिन मुसलमानों के खिलाफ जहर उगलते और डकैती में उनमें से एक को साथ भी रखते हो ! यानि लूट-डकैती तो साथ-साथ कर सकते हो, दिक्कत तुमको सिर्फ सौहार्द और भाईचारे से है !


-इन्द्रेश मैखुरी

Post a Comment

0 Comments